65 सर्किल पर सिर्फ 36 लेखपाल, काम का बोझ बढ़ने से राजस्व कार्य प्रभावित
दैनिक बृद्ध का संदेश
पयागपुर। तहसील क्षेत्र में लेखपालों की कमी के चलते राजस्व कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। तहसील क्षेत्र में कुल 65 लेखपाल सर्किल हैं, जबकि वर्तमान में महज 36 लेखपाल ही तैनात हैं। ऐसे में अधिकारियों द्वारा कई लेखपालों को अतिरिक्त सर्किल का कार्य सौंपा गया था। अतिरिक्त क्षेत्र का कार्यभार अधिक होने और नियमित राजस्व कार्य प्रभावित होने का हवाला देते हुए लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र से संबंधित बस्ते वापस कर दिए। इससे तहसील प्रशासन के सामने खाली सर्किलों में राजस्व कार्य सुचारु रूप से संचालित कराने की चुनौती खड़ी हो गई है। लेखपालों पर पहले से ही आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, वरासत, भूमि पैमाइश, खतौनी संबंधी कार्यों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियां रहती हैं। ऐसे में अतिरिक्त सर्किलों का प्रभार मिलने से कार्य का दबाव और बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि लेखपालों की कमी का सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि संबंधी मामलों, प्रमाण पत्रों और अन्य राजस्व कार्यों के निस्तारण पर पड़ रहा है। ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए संबंधित लेखपाल के उपलब्ध होने का इंतजार करना पड़ रहा है। अब अतिरिक्त बस्ते लौटाए जाने के बाद तहसील प्रशासन के सामने रिक्त सर्किलों में व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। लेखपालों की कमी दूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर राजस्व कार्यों के निस्तारण में और देरी की आशंका बनी हुई है।
