ताजाबस्तीब्रेकिगं

युवक पर जानलेवा हमले का आरोप, पीड़ित परिवार ने किया आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया निवासी सुनील चौहान ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपने भाई संजय चौहान पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़ित सुनील चौहान के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे उनका भाई संजय चौहान रोजगार से घर लौटने के बाद नहाकर घर से लगभग 50 मीटर दूर किसी कार्य से गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दूधनाथ उर्फ डी.एन. चौधरी, उसके पुत्र आदित्य और आयुष तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने मिलकर संजय चौहान पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। सुनील चौहान का कहना है कि सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपित उनके भाई पर बंदूक से हमला करने की कोशिश कर रहे थे। किसी तरह भाई को बचाकर जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए पहले रेफर कर दिया। पीड़ित का कहना है कि बाद में स्थिति में सुधार न होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *