शिवगढ़ धाम में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, सावन में उमड़ते हैं हजारों शिवभक्त
दैनिक सत्ता मंत्र /अनुज कौशल
बलरामपुर/पचपेड़वा। नगर के पश्चिम स्थित प्रसिद्ध शिवगढ़ धाम मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां विराजमान भगवान भोलेनाथ सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। सावन माह और प्रत्येक सोमवार को मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।स्थानीय मान्यता के अनुसार, वर्षों पहले एक किसान खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान हल (कुछ लोगों के अनुसार फावड़े) की टक्कर से एक दिव्य शिवलिंग प्रकट हुआ। उसी रात किसान को स्वप्न में मंदिर निर्माण का संकेत मिला। इसके बाद यहां मंदिर की स्थापना की गई और तब से यह स्थान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है।सावन के प्रथम सोमवार से तुलसीपुर क्षेत्र की सिरिया नदी से कांवड़ में जल लाकर श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। थारू जनजाति क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल होती हैं।नगर पंचायत पचपेड़वा के अध्यक्ष रवि वर्मा के प्रयासों और नगर पंचायत निधि से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प कराया जा रहा है। वर्तमान में मंदिर में पूजा-अर्चना शिवगिरि द्वारा की जाती है, जबकि मंदिर की व्यवस्थाओं की देखरेख भाजपा नेता रामसरन गुप्ता कर रहे हैं।
