ताजाबहराइचब्रेकिगं

पीएम श्री संविलयन विद्यालय लख्खा रामपुर की बदहाली उजागर, अंधेरे में ड्यूटी करने को मजबूर होमगार्ड

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच/विशेश्वरगंज। विकासखंड विशेश्वरगंज क्षेत्र के पीएम श्री संविलयन विद्यालय लख्खा रामपुर की सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की कमी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विद्यालय में रात्रि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने सुरक्षा संबंधी गंभीर समस्याओं को उजागर करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। होमगार्ड के अनुसार विद्यालय परिसर में बिजली की व्यवस्था न होने से रात के समय पूरी तरह अंधेरा छाया रहता है, जिससे ड्यूटी करना बेहद कठिन और जोखिम भरा हो जाता है। अंधेरे के कारण किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की चारदीवारी भी काफी छोटी है, जिससे असामाजिक तत्वों के प्रवेश की संभावना बनी रहती है। वहीं बरसात के मौसम में परिसर में सांप, बिच्छू सहित अन्य जहरीले जीवों का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसके कारण सुरक्षा कर्मी हर समय भय के माहौल में ड्यूटी करने को मजबूर हैं। होमगार्ड ने मांग की है कि विद्यालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जाए, सुरक्षा के मद्देनजर रात्रि में कम से कम दो होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाए तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विद्यालय और वहां तैनात कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अब बड़ा सवाल यह है कि पीएम श्री जैसे महत्वाकांक्षी विद्यालय की यह बदहाल स्थिति कब सुधरेगी और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ठोस कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *