इंदिरा कैनाल पुल के पास बना जानलेवा गड्ढा, ग्रामीणों ने जताई हादसे की आशंका
दैनिक सत्ता मंत्र
बलरामपुर/तुलसीपुर। तुलसीपुर-बघेलखंड मार्ग पर नारायणपुर गांव के पास इंदिरा कैनाल नहर पुल के बगल में बरसाती पानी के कारण गहरा और जानलेवा गड्ढा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, बघेलखंड से लेकर नारायणपुर क्षेत्र के कई गांवों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन साइकिल, पैदल और टेंपो से इसी मार्ग से तुलसीपुर पढ़ने जाते हैं। सड़क किनारे बने इस गड्ढे के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवार और अन्य वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि गड्ढे की तत्काल मरम्मत कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
