बेरिया माता मंदिर जाने वाला मार्ग बदहाल, कीचड़ से श्रद्धालु परेशान
दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। जिले में स्थित प्रसिद्ध बेरिया माता मंदिर को जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। बारिश के बाद रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है।ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर पर मेला लगने के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण खराब मार्ग के चलते लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कीचड़ और जलभराव के कारण कई बार लोगों के फिसलकर गिरने का भी खतरा बना रहता है। ग्राम प्रधान बेरिया की ओर से इस मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए कई बार सदर विधायक को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बेरिया माता मंदिर जाने वाले मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों की मांग है कि मार्ग को इंटरलॉकिंग (आईसीसी) युक्त पक्का रास्ता बनाया जाए, ताकि बारिश के दिनों में भी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
