मनोज तिवारी और आर्यन बाबू के भजनों पर झूमे कांवड़िए, फुटहिया कांवड़ महोत्सव का भव्य समापन
दैनिक सत्ता मंत्र
बस्ती। सावन के पावन महीने में पूरा जिला शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से सटे फुटहिया ओवरब्रिज के पास मां शांति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटहिया कांवड़ महोत्सव-2026 का सोमवार देर रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रंगारंग समापन हुआ। भोजपुरी गायक एवं दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और गायक आर्यन बाबू के भजनों पर कांवड़िए देर रात तक झूमते रहे। मंगलवार को कांवड़ यात्रा और बाबा भद्रेश्वरनाथ के जलाभिषेक के साथ महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी के पहुंचते ही मंच के सामने मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट तथा हर-हर महादेव के जयकारों से उनका जोरदार स्वागत किया। मनोज तिवारी ने अपनी लोकप्रिय भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को शिवमय कर दिया। कई भक्ति गीत प्रस्तुत किए। गीत शुरू होते ही कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में कांवड़ लिए भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। मनोज तिवारी ने बीच-बीच में मंच से श्रद्धालुओं और अतिथियों से संवाद भी किया। उन्होंने कांवड़ियों को संबोधित करते हुए अयोध्या, बस्ती और सरयू नदी की धार्मिक महत्ता पर चर्चा की। कहा कि अयोध्याधाम से पवित्र सरयू का जल कांवड़ में लेकर बाबा भद्रेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीराम और भगवान भोलेनाथ के मिलन के माध्यम बनते हैं। उन्होंने कांवड़ियों की आस्था और सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम से पहले भोजपुरी गायिका विजय चौहान, सृष्टि दुबे और पंकज गोस्वामी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांवड़िए, श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। महोत्सव के आयोजक एवं मां शांति सेवा संस्थान के अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ‘सुड्डू’ ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने सांसद मनोज तिवारी, प्रांत प्रचारक रमेश, महंत राजू दास, गोसिया आश्रम के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, दिलीप मित्र, अजय पाल, दिलीप पांडेय, राजेश पाल समेत अन्य अतिथियों को सम्मानित किया। महोत्सव के दौरान कांवड़ियों की सेवा, भक्ति संगीत और धार्मिक आयोजनों ने फुटहिया को पूरी तरह शिवमय बना दिया। मंगलवार को कांवड़ यात्रा के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम पहुंचकर पवित्र जल से जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरे मार्ग में बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
