ताजाबहराइचब्रेकिगं

जर्जर भवन के कारण प्रशासनिक कामकाज प्रभावित, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की तत्काल कार्रवाई की मांग

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
पयागपुर (बहराइच)। विकासखंड पयागपुर की ग्राम पंचायत सहसरावां में स्थित पंचायत भवन का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। लंबे समय से देखरेख के अभाव में जर्जर हो चुका पंचायत भवन अब ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। भवन के शेष हिस्से की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। पंचायत भवन की दीवारों और छत में जगह-जगह जर्जरता दिखाई दे रही है। भवन के आसपास से ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन होता है, जबकि बच्चे भी आसपास खेलते रहते हैं। ऐसे में कमजोर हिस्सों के अचानक गिरने से जान-माल के नुकसान की आशंका से ग्रामीण चिंतित हैं। भवन का हिस्सा गिरने के बाद पंचायत स्तर पर होने वाली बैठकों, प्रशासनिक कार्यों, राजस्व संबंधी गतिविधियों और ग्रामीणों से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन पर भी असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन जैसी महत्वपूर्ण सरकारी संपत्ति की समय रहते मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, जिसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान फूलचन्द ने 7 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी बहराइच को शिकायती पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके का भौतिक सत्यापन कराने, जर्जर एवं खतरनाक मलबे को सुरक्षित तरीके से हटवाने तथा पंचायत भवन के पुनर्निर्माण के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि हादसे की आशंका को देखते हुए भवन के शेष हिस्से की तत्काल जांच कराकर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले खतरे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *