महाराजगंज

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से 220 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
नौतनवा/महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में 220 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में नवदंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी कम हो रहा है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में 220 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। नवदंपतियों को सरकार की ओर से निर्धारित उपहार एवं आर्थिक सहायता का लाभ भी प्रदान किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी तथा परिजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सफल आयोजन को लेकर लोगों ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गरीब परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *