पानी में डूबा खड़ंजा, ग्रामीणों और छात्रों की राह बनी जोखिम भरी
दैनिक सत्ता मंत्र
विशेश्वरगंज (बहराइच)। विशेश्वरगंज-इकौना मार्ग से ठाकुर पुरवा जाने वाला खड़ंजा मार्ग इन दिनों जलभराव के चलते पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है। रास्ते पर जलभराव होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद जलनिकासी और क्षतिग्रस्त खड़ंजे की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पानी में डूबे मार्ग से गुजरने के दौरान लोगों को गड्ढों और कीचड़ के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। यह मार्ग पुरैना बाजार और रोहनी भारी ग्राम पंचायत को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। मार्ग पर जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ज्ञानेंद्र, सोनू, अमन, पवन, सुरेश, ननके सहित अन्य ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा क्षतिग्रस्त खड़ंजे की मरम्मत कराने की मांग की है।
