ताजाब्रेकिगंमहाराजगंज

नहर में मिला युवक का शव, शराब की लत से परेशान था परिवार

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
कोल्हुई/ नौतनवां । थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर पंडित के बाहर बुधवार को नहर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान अमरजीत (35) पुत्र बैजनाथ निवासी घोसीपुरवा, थाना शाहपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है। मृतक की ससुराल रायपुर पंडित गांव में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12रू30 बजे कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से नहर में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पूछताछ में मृतक की पत्नी सोनी ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और शराब पीकर आए दिन विवाद व मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर वह करीब एक माह पहले अपने मायके रायपुर पंडित चली आई थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब आठ बजे अमरजीत शराब के नशे में रायपुर पंडित स्थित ससुराल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। घरवालों व ग्रामीणों के समझाने पर वह वहां से चला गया था। अगले दिन गांव के बाहर नहर में उसका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *