बीआरसी सभागार इकौना में शिक्षक प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस प्रशिक्षणार्थियों को दी गई उपयोगी जानकारी
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती।बीआरसी सभागार इकौना में चल रहे शिक्षक प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने एनसीईआरटी की पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्पष्ट भाषा और व्यवस्थित सामग्री जटिल विषयों को समझने में आसान बनाती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले कई सीधे-सादे प्रश्नों का आधार एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें होती हैं। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी देशभर के विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री का एक समान और विश्वसनीय स्रोत उपलब्ध कराती है, जिससे शैक्षणिक असमानता को कम करने में मदद मिलती है। पुस्तकों में विभिन्न विषयों का समग्र कवरेज होने के कारण विद्यार्थियों में अंतर्विषयक ज्ञान विकसित होता है। इस दौरान एआरपी पंकज शुक्ला ने कहा कि एनसीईआरटी की पुस्तकें उच्च स्तरीय संदर्भ पुस्तकों को समझने की मजबूत नींव तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति विज्ञान, आधुनिक इतिहास और अर्थशास्त्र जैसे विषयों की गहराई से तैयारी करने के लिए एनसीईआरटी की आधारभूत जानकारी बेहद उपयोगी है। एनसीईआरटी की पुस्तकों से प्राप्त मूलभूत समझ के बाद विद्यार्थी उन्नत स्तर की संदर्भ पुस्तकों को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी की पुस्तकें समय और लागत की दृष्टि से भी विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं। ये पुस्तकें अपेक्षाकृत संक्षिप्त होने के साथ ही व्यापक पाठ्यक्रम को समाहित करती हैं तथा डिजिटल माध्यम से भी आसानी से उपलब्ध हो सकती हैं। इससे प्रारंभिक तैयारी में अनेक पुस्तकों पर निर्भरता कम होती है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अध्ययन-अध्यापन में गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर नंद कुमार मौर्य, अंकित सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
