नौतनवा बाईपास पर भीषण हादसा, काइगर से टकराकर पलटी अर्टिगा

दैनिक सत्ता मंत्र
नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा कस्बे के बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12रू40 बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रही काइगर कार से टकराकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में अर्टिगा सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के अमरढोभा निवासी मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद ताल्हा, मोहम्मद हसन, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद अब्दुल्ला और मोहम्मद इलियास अर्टिगा कार से नेपाल घूमने जा रहे थे।बताया गया कि नौतनवा बाईपास पर एक पेट्रोल पंप के पास उनकी कार आगे चल रही बसपा के महराजगंज पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की काइगर कार से जा टकराई। टक्कर के बाद अर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही नौतनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
