परियोजना कॉलोनी में परिसीमन का फैसला आने तक न रोके जाएं विकास कार्य
दैनिक सत्ता मंत्र
ओबरा, सोनभद्र। नगर पंचायत ओबरा कार्यालय परिसर में मंगलवार को बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी ने की। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12रू30 बजे तक चली। संचालन अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने किया।बैठक में नगर के विकास कार्यों में तेजी लाने, फॉगिंग व साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने तथा जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी को लेकर चर्चा की गई।मनोनीत सभासद सतीश पांडेय ने तापीय परियोजना क्षेत्र और बोर्ड सेक्टर के अंतर्गत आने वाले वार्ड संख्या 4, 6, 9 और 13 का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ओबरा तापीय परियोजना क्षेत्र को नगर निकाय सीमा से बाहर किए जाने तक वहां विकास कार्य नहीं रोके जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित वार्डों को बाहर करने या सीमा परिवर्तन का अंतिम आदेश जारी नहीं हो जाता, तब तक परियोजना क्षेत्र में विकास एवं निर्माण कार्य रोकना जनहित में उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि परियोजना क्षेत्र में सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे बुनियादी कार्य रुकने से परियोजना कर्मियों सहित आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही चुने हुए सभासदों के सामने भी समस्या खड़ी हो गई है।बैठक में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रहे अनावश्यक विलंब को दूर करने पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष चांदनी और अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि सीमा परिवर्तन का अंतिम आदेश आने तक जनहित में बुनियादी विकास कार्य बाधित नहीं होने दिए जाएंगे। जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। बैठक में अनेक सभासद एवं मनोनीत सभासद मौजूद रहे।
