पूर्वांचल यात्रा बभनी पहुंची, सरकार से अधिकार देने की मांग

दैनिक सत्ता मंत्र
बभनी, सोनभद्र। जवाबदेह सरकार के लिए मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा 15 सितंबर 2026 को सोनभद्र के बभनी ब्लॉक में पहुंची। यहां बभनी, इकदीरी, पोखरा, रन्दह, चौना, बैना, घघरा, धनखोर और घघरी समेत गांवों में संपर्क, संवाद और बैठकें की गईं। लोगों से 20 सितंबर को वाराणसी में आयोजित ‘नई पीढ़ी संवाद’ में शामिल होने और सहयोग करने की अपील की गई।यात्रा के दौरान बताया गया कि गांवों में माइक्रोफाइनेंस कंपनियां महिलाओं का आर्थिक शोषण कर रही हैं। प्रदेश से बड़ी संख्या में पूंजी का पलायन हो रहा है और नौजवान काम की तलाश में दूसरे प्रदेशों में जा रहे हैं। मनरेगा खत्म किए जाने तथा नई योजना में कराए गए कार्यों की मजदूरी महीनों से बकाया होने का भी आरोप लगाया गया।कार्यकर्ताओं ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं और वहां पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। सही शिक्षा व्यवस्था नहीं होने से लड़कियां पढ़ाई छोड़ रही हैं। सरकारों पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के संवैधानिक अधिकार देने के बजाय खैरात बांटने का आरोप लगाया गया।कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में संसाधनों की कमी नहीं है। कॉर्पाेरेट की संपत्ति पर टैक्स लगाने और काली पूंजी की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करने से हर नागरिक को संवैधानिक अधिकार दिए जा सकते हैं।यात्रा में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान पूर्वांचल यात्रा की सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, इंद्रदेव खरवार, राजेंद्र प्रसाद गोंड, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, सुमन खरवार, मोहर सिंह गोंड, राम विचार गोंड़ और देव कुमार खरवार शामिल रहे।
