सोनभद्र

प्रभारी मंत्री व समाज कल्याण राज्य मंत्री ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को किया सम्मानित

Spread the love


दैनिक सत्ता मंत्र
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत का संदेश देने के उद्देश्य से जन कल्याण सेवा समिति के सौजन्य से जनपद सोनभद्र में ‘नमो मैराथन’ का आयोजन किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में नमो मैराथन सार्थक पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है।समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। नमो मैराथन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। “दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान, स्वस्थ युवा ही हैं भारत की असली पहचान” के संदेश के साथ आयोजित मैराथन में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने धनराशि, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, आयोजकगण एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *