अब वैवाहिक आयोजनों के लिए नहीं जाना पड़ेगा शहर
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह, पारिवारिक समारोह और सामुदायिक आयोजनों के लिए अब ग्रामीणों को शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। योगी सरकार की पहल पर गांवों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत उत्सव भवन विकसित किए जा रहे हैं। सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज और म्योरपुर विकासखंड की तीन ग्राम पंचायतों में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन की ओर से इनके निर्माण के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के मुताबिक रॉबर्ट्सगंज विकासखंड की सफरीपुर और अरंगी तथा म्योरपुर विकासखंड की कुदरी ग्राम पंचायत में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। पंचायत उत्सव भवनों को इस तरह विकसित किया जाएगा कि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मांगलिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
