गन्ने के खेत में सियार का हमला, मां-बेटी समेत चार घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। विशेश्वरगंज क्षेत्र के अमकोलवा ग्राम पंचायत में शनिवार को गन्ने के खेत में अचानक सियार ने हमला कर मां समेत चार लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया।बताया गया कि खेत में सुनीता देवी के साथ बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान झाड़ियों के बीच से निकले सियार ने अचानक बच्चों पर हमला कर दिया। बच्चों को बचाने के प्रयास में सुनीता देवी भी उसकी चपेट में आ गईं। हमले में सुनीता देवी के अलावा माधुरी, दीपक कुमार और अंजनी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी और कॉम्बिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने तथा शाम के समय अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी गई है।लगातार वन्यजीवों की गतिविधियों के बीच सियार के इस हमले ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गन्ने और अन्य ऊंची फसलों के बीच वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से सतर्क रहने, समूह में आने-जाने और संदिग्ध वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
