दो बाइकों की टक्कर में दो गंभीर घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
बीजपुर-बकरिहवा की जर्जर सड़क बन रही हादसों का कारण
बीजपुर (सोनभद्र)। बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर जरहा गांव में शुक्रवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार नधिरा निवासी राजेंद्र (28) पुत्र सर्जन बाइक से पत्नी-बच्चों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे जरहा टोला टेढ़िनवन निवासी संतोष गुप्ता (30) पुत्र रामनरेश गुप्ता और अनिल (25) की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और राजेंद्र व संतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरबी-112 की मदद से घायलों को एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरी चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार दोनों को सिंगरौली-बैढ़न ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि बीजपुर-बकरिहवा मार्ग की जर्जर हालत आए दिन दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन रही है।
