ताजा

अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश निरस्त, 24 घंटे राहत एवं पुनर्बहाली कार्य के निर्देश

Spread the love

दैनिक बुद्ध का संदेश

बलरामपुर। जिले में पिछले तीन दिनों से आंधी-तूफान और अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और पुनर्बहाली का कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ एवं विद्युत पोल गिरने के साथ विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा अन्य परिसंपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर आवश्यक सेवाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, विद्युत विभाग, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं पुनर्बहाली कार्य कराने को कहा है।पुनर्बहाली कार्यों के लिए जरूरत के अनुसार जेसीबी, डंपर, क्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, श्रमिक और अन्य मशीनरी की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्थानीय निकाय और निजी स्रोतों से भी संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।विद्युत आपूर्ति बहाली को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, लाइनों और अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की मरम्मत के लिए आवश्यक मानव संसाधन, मशीनरी एवं सामग्री की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर मंडल स्तर से भी अतिरिक्त संसाधन लिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से 24 घंटे राहत एवं पुनर्बहाली कार्य संचालित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी फील्ड में रहकर पूरी तत्परता से कार्य करें, ताकि प्रभावित आवश्यक सेवाओं को जल्द सामान्य किया जा सके और आमजन को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *