वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर सोमवार को महराजगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय से जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय की ओर निकले। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा कर उन्हें रद्द करने की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार वोट चोर है’, ‘ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद’ और ‘जब-जब योगी डरता है, पुलिस को आगे करता है’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का भी प्रयास किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी के सवाल को लेकर सड़क से संसद तक अभियान चला रहे हैं और यह अभियान मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्र ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और शरद कुमार सिंह बबलू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन करेंगे। वरिष्ठ नेता शरदेंदु पांडेय और सदामोहन उपाध्याय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदर्शन में कपिल देव शुक्ला, विनोद सिंह, सुरेश साहनी, अनवर अली, गोपाल शाही, रामनारायण प्रसाद, चंद्रजीत भारती, डॉ. रामनारायण चौरसिया, राजू गुप्ता, पूर्णमासी यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
