सोनभद्र

गुलाब समूह के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में रोजाना मॉल के साथ हुआ एमओयू

Spread the love

दैनिक बुद्ध का संदेश

सोनभद्र। नोएडा में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सोनभद्र के महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की पहल हुई है। करमा ब्लॉक के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह और रोजाना मॉल के बीच उत्पादों की बिक्री को लेकर एमओयू हुआ है। इससे समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। ट्रेड शो में सोनभद्र के महिला समूहों द्वारा तैयार शुद्ध सरसों तेल, रागी उत्पाद और शहद को लोगों और कारोबारियों की ओर से पसंद किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर तैयार इन उत्पादों को अब संगठित बाजार और बेहतर बिक्री नेटवर्क मिलने की उम्मीद है। गुलाब समूह की सदस्य मधुबाला ने बताया कि महिलाओं द्वारा तैयार शुद्ध सरसों तेल, रागी ठोकवा और बकरी के दूध से बने साबुन की बिक्री के लिए रोजाना मॉल के साथ एमओयू किया गया है। अब तक उत्पादों की बिक्री स्थानीय स्तर पर होती थी, लेकिन बड़े बाजार से जुड़ने के बाद इनकी पहुंच और कारोबार का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। महिलाओं की आय का बनेगा बेहतर माध्यम इंटरनेशनल ट्रेड शो महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए उत्पादों को प्रदर्शित करने और कारोबारियों से सीधे संपर्क का बड़ा मंच बनकर सामने आया है। रोजाना मॉल के साथ हुआ एमओयू इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समूह की महिलाओं को उम्मीद है कि बाजार का विस्तार होने से बिक्री बढ़ेगी और ग्रामीण महिलाओं को नियमित आय का बेहतर माध्यम मिलेगा। स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध होने से महिला उद्यमिता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *