ताजा

अतिवृष्टि से गिरे गन्ने को लेकर किसानों को सलाह, शीघ्र सीधा कर बांधने की अपील

Spread the love

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जिले में पिछले तीन दिनों से हुई अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में गन्ने की फसल गिर गई है। फसल को नुकसान से बचाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को गिरे हुए गन्ने को जल्द से जल्द सीधा कर बांधने की सलाह दी है।जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण जमीन पर गिरे गन्ने के लंबे समय तक पड़े रहने से कीट एवं रोगों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। गीली मिट्टी के संपर्क में रहने से दीमक, बेधक सहित अन्य कीट और रोग फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में किसान मौसम सामान्य होने और मिट्टी की स्थिति अनुकूल होने पर गिरे हुए गन्ने को सावधानीपूर्वक सीधा कर उसकी बंधाई करें।उन्होंने बताया कि गन्ने को सीधा कर बांधने से पौधों को पर्याप्त धूप और हवा मिलती है, जिससे फसल का विकास बेहतर होता है। लंबे समय तक गन्ने के जमीन पर पड़े रहने से उसकी रिकवरी और चीनी की मात्रा भी प्रभावित हो सकती है। समय से फसल को सीधा करने से उत्पादन और गुणवत्ता को बनाए रखने में मदद मिलेगी।जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से खेतों में जलभराव होने पर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की अपील की है, ताकि फसल को अतिरिक्त नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गन्ने की फसल में किसी प्रकार के रोग या कीट का प्रकोप दिखाई देने पर किसान संबंधित गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों अथवा गन्ना पर्यवेक्षकों से संपर्क कर तकनीकी सलाह प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *