ओबरा में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अन्नप्राशन कार्यक्रम का किया भव्य आयोजन
दैनिक बुद्ध का संदेश
ओबरा सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सोनभद्र अंतर्गत ओबरा में 9 वा राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत शनिवार की देर शाम स्थानीय चिल्ड्रेन पार्क में अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष रंजना सिंह एवं सुनीता पाण्डेय मौजूद रही। इस दौरान कुल 5 लाभार्थियों का अन्नप्राशन कार्यक्रम कर आवश्यक सामग्री भेंट की। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ओर से पोषण से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।बताया गया कि जो बच्चा 6 महीने का हो जाता है उसे मां के दूध के साथ-साथ ऊपरी अर्ध ठोस आहार देना जरूर शुरू करे । कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा बच्चों को खीर, पौष्टिक भोजन खिलाकर इसकी शुरुआत की गई।वही माता को सिखाया गया कि बच्चों को किस तरह का भोजन, कितनी मात्रा में और कितनी बार देना चाहिए। साथ ही खाना खिलाने से पहले साफ सफाई, कटोरी चम्मच का उपयोग, भोजन में दाल, दलिया, मसले हुए फल और हरी सब्जियां शामिल करें ताकि बच्चे को आवश्यक पोषक तत्व मिल सके।इस दौरान पोषाहार से तैयार व्यंजनों और उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देने के साथ बच्चों के लिए कॉमिक बुक, पौष्टिक फल, मिठाई और अतिरिक्त पोषाहार सामग्री वितरित की गई। ढोलक थाप पर और सोहर गीत पर महिलाओं ने खूब उत्सव मनाया।आंगनबाड़ी कार्यकत्री ममता पाठक ने बताया कि विभाग की ओर से तीन दिवसीय 25, 26, 27 सितम्बर को क्रमशः उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं के सम्मान सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकत्री अंजू लता, कुसुम, ललिता, गीता, शशि प्रभा, जूही पाण्डेय, कंचन गुप्ता, मीरा सिंह, कनक, सावित्री, चंद्रिका, रिम्पी, मनोज देवीआदि लोग मौजूद रहे।

