बहराइच

घाघरा नदी में मगरमच्छ का हमला, 12 वर्षीय मासूम को खींचकर उतारा मौत के घाट

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। जिले के थाना बौंडी क्षेत्र के मरौना गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घाघरा नदी किनारे धान रोपाई के बाद हाथ धोने गए 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी में खींच ले गया। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर और हांका लगाकर बच्चे को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि मरौना निवासी 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह घाघरा नदी में हाथ धोने पहुंचा, तभी नदी से निकले मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया और देखते ही देखते गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन मगरमच्छ के हमले के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आने की बात कही जा रही है। मृतक सुनील सिंह कक्षा 6 का छात्र था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने घाघरा नदी के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *