बहराइच

चित्तौरा मार्ग पर गड्ढा खोदकर रास्ता बंद, रोजाना हजारों लोग हो रहे परेशान

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। चित्तौरा जाने वाले प्रमुख मार्ग पर अज्ञात लोगों द्वारा गड्ढा खोदकर रास्ता बंद कर दिए जाने से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मार्ग किस विभाग या किसके निर्देश पर बंद किया गया, इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों के पास भी नहीं है। मार्ग बंद होने से सबसे अधिक परेशानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है। इसके अलावा विकास खंड कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारी, सुहेलदेव स्मारक एवं पर्यटन स्थल पहुंचने वाले पर्यटक तथा आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मार्ग बंद होने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग को तत्काल चालू कराया जाए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि आखिर किसके आदेश पर सड़क को खोदकर बंद किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही रास्ता नहीं खोला गया तो लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आमजन की सुविधा के लिए मार्ग को शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *