जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण, विज्ञान एवं नवाचार से सतत विकास पर दिया गया जोर
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। जगतजीत इंटर कॉलेज, इकौना में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत जिला स्तरीय एकदिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की प्रवृत्ति तथा समूह में कार्य करने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि विज्ञान को स्थानीय संसाधनों, पर्यावरण और दैनिक जीवन से जोड़कर सीखने की प्रक्रिया बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती है। जिला समन्वयक संतोष कुमार पांडे ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचारष् है। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे विषयों पर परियोजनाएं तैयार की जाएंगी। प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्र जूनियर तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छात्र सीनियर वर्ग में प्रतिभाग कर सकेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की शुरुआत वर्ष 1987 में हुई थी, जिसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और शोधपरक सोच का विकास करना है। कार्यशाला में डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, ज्योति प्रकाश पांडे, पवन कुमार सिंह बोध, ओम प्रकाश यादव, गिरीश प्रसाद मिश्रा, डॉ. अनिल त्रिपाठी, सुधीर कुमार पांडे, तौकीर अहमद, निकिता वर्मा, पारुल मिश्रा, उदयभान पांडे, हनुमान प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
