डायट श्रावस्ती में भाषा शिक्षण पर विशेष मंथन, पाँच दिवसीय संदर्भदाता प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), श्रावस्ती में प्राचार्य सत्येंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित पाँच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय दिवस मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दूसरे दिन का मुख्य विषय श्भाषा शिक्षणश् रहा, जिसमें प्रतिभागियों को नवीन शिक्षण पद्धतियों एवं अद्यतन शिक्षक संदर्शिका की महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। प्रशिक्षण सत्र में डायट प्रवक्ता श्री गिरीश मिश्रा, ओ.पी. यादव, एसआरजी संत कुमार, नन्द कुमार पाठक तथा लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (स्स्थ्) की टीम ने सह-संदर्भदाता के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न आकलन एवं सर्वेक्षणों पर विस्तृत चर्चा से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को भाषा शिक्षण के विभिन्न आयामों से परिचित कराया गया तथा अद्यतन शिक्षक संदर्शिका में किए गए प्रमुख बदलावों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और सत्र के अंत में सभी बिंदुओं की समेकित समीक्षा की गई। प्रशिक्षण में भाषा शिक्षण के दौरान खुले छोर वाले प्रश्न के महत्व पर विशेष बल दिया गया। साथ ही बच्चों में पठन कौशल विकसित करने की प्रभावी रणनीतियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया तथा विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देने के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। दिन के अंतिम चरण में साप्ताहिक आकलन एवं रेमेडियल (कैच-अप) शिक्षण की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया गया, जिससे प्रतिभागी विद्यालयों में बच्चों की सीखने की गति के अनुरूप प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित कर सकें। संदर्भदाताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव परिषदीय विद्यालयों में भाषा शिक्षण की गुणवत्ता को नई दिशा देंगे तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
