डीएम ने गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों की समीक्षा की
दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में आगामी गन्ना पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में चीनी मिलों के संचालन, गन्ना क्रय केंद्र, परिवहन, यातायात व्यवस्था, सड़क मरम्मत एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि पेराई सत्र के दौरान बलरामपुर एवं तुलसीपुर शहर में गन्ना लदे ट्रकों और ट्रॉलियों के प्रवेश पर रोक रहे। विद्यालयों के खुलने और छुट्टी के समय भी गन्ना वाहनों का आवागमन रोका जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। शहर से गुजरने वाले गन्ना वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और क्रय केंद्रों की संबद्धता में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना परिवहन से जुड़ी सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि तुलसीपुर चीनी मिल का पेराई सत्र 4 नवंबर, बलरामपुर चीनी मिल का 10 नवंबर और इटईमैदा चीनी मिल का 23 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। जनपद में गन्ने का रकबा 95,970 हेक्टेयर से बढ़कर 98,632 हेक्टेयर हो गया है। गत वर्ष की तुलना में 2,662 हेक्टेयर यानी 2.78 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। डीएम ने गन्ना किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने और उत्पादकता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में क्रय केंद्रों एवं परिवहन व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। आगामी सत्र में गन्ना परिवहन से जुड़े 682 वाहनों में जीपीएस लगाने का प्रस्ताव है। डीएम ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा किसानों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ, चीनी मिल प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
