ताजा

डीएम ने वीएचएसएनडी सत्र का किया निरीक्षण, टीकाकरण व गर्भवती महिलाओं की जांच का लिया जायजा

Spread the love


दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड हरैया सतघरवा की ग्राम पंचायत सकरी बनकटवा स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) सत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), ड्यू लिस्ट एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। बताया गया कि सत्र के दौरान 17 बच्चों का टीकाकरण किया गया है। जिलाधिकारी ने एएनएम से टीकाकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए ड्यू लिस्ट का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्यू लिस्ट के अनुसार सभी पात्र बच्चों का निर्धारित समय पर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिह्नित कर आगामी सत्रों में टीकाकरण कराया जाए तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जाए।गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की निर्धारित समयावधि में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण एएनसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएं। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनकी विशेष निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य इकाइयों पर संदर्भित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम के ई-कवच पोर्टल का भी अवलोकन किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण और एएनसी से संबंधित विवरण पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आंकड़ों की समयबद्ध एवं सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, जिससे लाभार्थियों की प्रभावी निगरानी हो सके। जिलाधिकारी ने आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर ध्यान देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, संतुलित पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वीएचएसएनडी सत्रों का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर ही महिलाओं एवं बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना है। कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण तथा कोई भी गर्भवती महिला आवश्यक स्वास्थ्य जांच से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एमओआईसी सुजीत पांडेय सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *