डीएम ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को किया रवाना,50 मीटर लंबे तिरंगे ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
दैनिक सत्ता मंत्र
गोन्डा। जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत भव्य तिरंगा यात्रा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।हर घर तिरंगा जागरूकता रैली का शुभारम्भ डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह रहा। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति से जुड़े नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा हरी झण्डी दिखाए जाने के बाद तिरंगा यात्रा सेंट जेवियर्स स्कूल से रवाना होकर अम्बेडकर चौराहा तक गई। रैली में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में विशेष आकर्षण का केन्द्र 50 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ थामे रखा। विशाल तिरंगे के साथ आगे बढ़ती रैली ने लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की भावना को और मजबूत किया।कार्यक्रम का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ रैली में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। भव्य तिरंगा यात्रा ने गोण्डा में राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और देशप्रेम की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।इस अवसर पर सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
