नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। जनपद की थाना इकौना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक परमानन्द तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 157/2026 से संबंधित अभियुक्त अतुल कसौधन पुत्र स्वर्गीय रमेश कसौधन, निवासी तिलक नगर, कस्बा इकौना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को गौतम नगर, कस्बा इकौना निवासी महिला ने थाना इकौना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को 1 अगस्त 2026 को अतुल कसौधन बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। इसके उपरांत पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक परमानन्द तिवारी, उपनिरीक्षक विशाल यादव, उपनिरीक्षक रामदुलार यादव तथा महिला आरक्षी सुशीला पांडे शामिल रहीं।
