ताजाबहराइचब्रेकिगं

पयागपुर में बीकेयू (अराजनीतिक) ने एसडीएम को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
पयागपुर (बहराइच)। तहसील परिसर पयागपुर में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की मासिक पंचायत आयोजित हुई। पंचायत के बाद तहसील अध्यक्ष आनंद किशोर उर्फ गुल्लू मिश्र के नेतृत्व में किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी पयागपुर को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। किसानों ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। ज्ञापन में तहसील क्षेत्र के गांवों में खलिहान, तालाब, बंजर और श्मशान घाट सहित सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। किसानों ने यूरिया, डीएपी सहित उर्वरकों की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री और जबरन अन्य उत्पाद टैग किए जाने का आरोप लगाते हुए जांच कर दोषी विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। इसके अलावा नगर पंचायत पयागपुर के वार्ड संख्या 2, 6 व 13 (संजही) में करीब 20 माह पहले धनराशि जमा होने के बावजूद बाधित बिजली लाइनों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई गई। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज कर उनके निस्तारण की निगरानी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई। ग्राम सोहरवा, भभूसण और शेजापुर में चकमार्ग व बंजर भूमि पर कथित अवैध कब्जे हटाने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई। टांडा जंगल स्थित गौशाला की व्यवस्थाओं, चारे की कमी से गोवंशों की मौत के आरोपों की जांच और वार्ड-6 में जलभराव दूर करने के लिए पयागपुर-हुजूरपुर मार्ग स्थित पीडब्ल्यूडी पुलिया की सफाई कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। किसान संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर हुई कार्रवाई से संगठन को लिखित रूप में अवगत कराया जाए। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर किसानों ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *