पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगा कैरियर गाइडेंस मेला
दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। शहर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद तथा विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक वीरेश कुमार रहे। इसके अलावा जीआईसी भग्गड़वा बाजार के प्रधानाचार्य यशवंत कुमार, जीआईसी बहराइच के प्रधानाचार्य नागेंद्र कुमार, पीएम श्री जीआईसी रमपुरवा के प्रधानाचार्य अमित कुमार पांडेय, बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक, शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। मेले में छात्राओं ने विभिन्न विषयों से संबंधित स्टॉल लगाए। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर छात्राओं से जानकारी प्राप्त की और उन्हें करियर के विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने छात्राओं को भविष्य में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और सही दिशा में आगे बढ़ने के टिप्स दिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें विद्यालय की पत्रिका भेंट की। कैरियर गाइडेंस की नोडल प्रभारी प्रतिमा कुमारी सहित समस्त शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
