पुलिसकर्मियों को पदक व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित , पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती
दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश एवं गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त पदक एवं प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को पदक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और बेहतर कार्य के प्रति निरंतर प्रयास अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक राजेश यादव को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त प्रशंसा पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं उपनिरीक्षक आनंद कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी चालक राधेश्याम तथा मुख्य आरक्षी चालक अभिषेक कुमार आजाद को गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्य आरक्षी जयप्रकाश एवं मुख्य आरक्षी सोनू कुमार को गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधान लिपिक विनेश यादव, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
