बहराइच पुलिस में बड़ा फेरबदल 28 पुलिसकर्मियों के तबादले, कई चौकी प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी
दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिला पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति के आधार पर जारी आदेश में 2 निरीक्षकों, 15 उपनिरीक्षकों, 2 मुख्य आरक्षियों तथा 9 आरक्षियों सहित कुल 28 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। जारी आदेश के तहत कई थाना व चौकी प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं शिथिलता बरतने वाले कुछ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेजा गया है। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण चौकियों और थानों पर नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें राजा बाजार, कांसापुर, पटेरिया, हेतमपुरवा, गुरुगुट्टा, सिविल लाइन, बलदियाबाग, महाराजी, कस्बा रिसिया समेत अन्य चौकियां शामिल हैं। इसके अलावा कई अधिकारियों को विभिन्न थानों में नई तैनाती दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। एसपी के इस बड़े प्रशासनिक फैसले के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
