हज-2027 के चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग अनिवार्य
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि हज-2027 के चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र के संबंध में हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 15 सितंबर 2026 को सर्कुलर-13 जारी किया है। इसके तहत चयनित यात्रियों को प्रथम चरण में सरकारी चिकित्सा केंद्र पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा। जांच के बाद एलोपैथिक चिकित्सक निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्रियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य आवश्यक अभिलेख 30 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज एक अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रदेश शासन ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। विदेश में रह रहे एनआरआई हज यात्री संबंधित देश के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर रिपोर्ट निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रेषित या अपलोड करेंगे। उन्होंने सभी चयनित हज यात्रियों से निर्धारित समय-सीमा में मेडिकल जांच पूरी कर प्रमाण-पत्र एवं जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखने की अपील की है, ताकि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर इन्हें प्रस्तुत किया जा सके।
