खाद की कालाबाजारी रोकने और निर्धारित दर पर आपूर्ति की मांग, फुटकर विक्रेताओं ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
दैनिक सत्ता मंत्र
बलरामपुर। जिले के फुटकर खाद विक्रेताओं ने बुधवार को समाजसेवी एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रावस्ती युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह को ज्ञापन सौंपकर खाद की कालाबाजारी रोकने तथा निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के थोक खाद विक्रेता यूरिया, डीएपी समेत अन्य उर्वरकों की आपूर्ति निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर कर रहे हैं। साथ ही जिंक, फ्रटेरा अथवा सिंगल सुपर फॉस्फेट जैसी अन्य सामग्री खरीदना भी अनिवार्य कर दिया जाता है। विरोध करने पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जाती। विक्रेताओं का कहना है कि एक ओर प्रशासन किसानों को सरकारी निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने का दबाव बनाता है, जबकि दूसरी ओर थोक विक्रेताओं से अधिक कीमत पर खाद खरीदने की मजबूरी है। ऐसे में फुटकर विक्रेताओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और किसानों को भी समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की गोपनीय जांच कराकर अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए तथा सभी फुटकर विक्रेताओं को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर सीधे रैक अथवा दुकान तक खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को भी निर्धारित दर पर यूरिया व अन्य उर्वरक मिल सकें। इस दौरान राजेश कुमार तिवारी, आलोक माथुर, विजय कुमार, राम जियावन यादव, अशोक सिंह, संजय गुप्ता, राजेश मिश्र, कृष्ण मोहन शुक्ल, विवेक श्रीवास्तव, आशीष त्रिपाठी, विजय गुप्ता, पंकज कुमार सहित सैकड़ों फुटकर खाद विक्रेता मौजूद रहे।
