थारू महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, गारमेंट यूनिट के लिए ईओआई आमंत्रित
दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जनजातीय महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए थारू विकास परियोजना, विशुनपुर विश्राम में टेक्सटाइल/गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की पहल की गई है। निदेशालय जनजाति विकास, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित परियोजना के नवनिर्मित भवन में प्रस्तावित इकाई की स्थापना और संचालन के लिए अनुभवी औद्योगिक प्रतिष्ठानों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया गया है।परियोजना अधिकारी ने बताया कि ईओआई 25 सितंबर 2026 को जारी की गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। प्रस्तावित इकाई के माध्यम से स्थानीय थारू समुदाय की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है। परियोजना क्षेत्र में करीब 300 से 400 महिलाओं का स्थानीय कार्यबल उपलब्ध है, जिन्हें उद्योग की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर दिए जा सकेंगे।परियोजना परिसर में औद्योगिक इकाई के संचालन के लिए सिलाई केंद्र, वेयरहाउस, कार्यालय और आवास की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर, जरूरत के अनुसार विद्युत क्षमता विस्तार, सोलर ऊर्जा और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था है। परियोजना स्थल से एनएच-730 और भारत-नेपाल सीमा बढ़नी तक सड़क संपर्क भी उपलब्ध है।परियोजना अधिकारी के अनुसार पात्र इकाइयों को नियमानुसार यूपी टेक्सटाइल एंड गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 और यूपी एमएसएमई पॉलिसी-2022 के तहत पूंजीगत सब्सिडी एवं वित्तीय प्रोत्साहन का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा पीएम-एनएपीएस और मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के तहत प्रशिक्षुओं के लिए 25 प्रतिशत तक मानदेय या स्टाइपेंड सहायता डीबीटी के माध्यम से तथा मुद्रा, स्टैंड-अप इंडिया सहित विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ नियमानुसार मिल सकता है।ईओआई के लिए आवेदन करने वाली संस्था या कंपनी का गारमेंट अथवा रेडीमेड वस्त्र निर्माण क्षेत्र में पहले से कार्यरत और पंजीकृत होना आवश्यक है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में न्यूनतम एक करोड़ रुपये का टर्नओवर तथा मशीनरी, कच्चे माल और वर्किंग कैपिटल के लिए सामान्यतः कम से कम 50 लाख रुपये के निवेश की क्षमता अपेक्षित है। साथ ही स्थानीय थारू महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण और रोजगार देने की प्रतिबद्धता भी आवश्यक होगी।इच्छुक एवं पात्र औद्योगिक प्रतिष्ठान 9 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन ई-मेल ’’ख्ेपदहीजककनचसाव/हउंपस.बवउ,(उंपसजवरूेपदहीजककनचसाव/हउंपस.बवउ)’’ पर भेज सकते हैं। विस्तृत ईओआई प्रपत्र, फॉर्मेट-प्, प्प्, प्प्प् और अन्य शर्तों के लिए परियोजना अधिकारी कार्यालय, थारू विकास परियोजना, विशुनपुर विश्राम, बलरामपुर से संपर्क किया जा सकता है।इस पहल से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ थारू महिलाओं के कौशल विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तीकरण के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
