दलित बस्ती का सार्वजनिक रास्ता बंद करने का आरोप,

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। रुधौली तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत औराडीहा में दलित बस्ती के सार्वजनिक रास्ते को कथित रूप से बंद किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दयाशंकर चौधरी पुत्र गजराज चौधरी ने दबंगई के बल पर बस्ती के लोगों के आने-जाने का सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिया है। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मामले को लेकर दलित बस्ती के अखिलेश कुमार, अगरदी प्रसाद, प्रदीप कुमार, सीतापति, शांति देवी, विधाता देवी, सुनीता देवी, रामप्रीत, श्यामप्रीत, सुमन, गंगाराम, सुखवीर, सियाराम, दीपक कुमार, विजय कुमार, अजय कुमार, श्रीनिवास सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी बस्ती और उपजिलाधिकारी रुधौली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर सार्वजनिक रास्ता खुलवाने तथा मामले की जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से रोजमर्रा के आवागमन के साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मौके की जांच कराकर सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।वहीं, ग्रामीणों ने दयाशंकर चौधरी के पुत्र गुड्डू चौधरी पर शराब के नशे में गाली-गलौज करने और मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में एक ऑडियो सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें कथित रूप से अधिकारियों और अन्य संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग सुनाई देने का दावा किया गया है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर रास्ते की समस्या का समाधान कराने और धमकी के आरोपों की भी जांच करने की मांग की है।
