बाबा धाम के लिए रवाना हुआ शिव भक्तों का जत्था
दैनिक सत्ता मंत्र
मिहींपुरवा (बहराइच)। सावन माह के द्वितीय सोमवार के अवसर पर मिहींपुरवा (मोतीपुर) तहसील क्षेत्र के हुरंगा ग्राम पंचायत राजापुर कलां और दूधाधारी से शिव भक्तों का जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। भक्तों ने भोलेनाथ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं को विदा किया। इस दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। शिव भक्त सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा धाम पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान देशभर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए शिवालयों और ज्योतिर्लिंगों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। शिव भक्तों ने यात्रा के दौरान भगवान शिव के जयकारे लगाए और सकुशल यात्रा की कामना की। इस अवसर पर श्याम बिहारी पोरवाल, जिला ब्यूरो चीफ एवं जिला अध्यक्ष अखिल भारतीय हमारा समाज पार्टी वैश्य समाज, रोहित पोरवाल, शिवम पोरवाल, सचिन पोरवाल और दिनेश कुमार पोरवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जत्थे के रवाना होने पर ग्रामीणों ने शिव भक्तों को शुभकामनाएं दीं।
