महाराजगंज

बारिश थमी, बिस्मिल नगर की सड़कें अब भी जलमग्न तीन दिन की बारिश के बाद नहीं निकला पानी, वार्डवासियों ने नगर पालिका की व्यवस्था पर उठाए सवाल

Spread the love


दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज। तीन दिनों तक हुई रुक-रुककर बारिश के बाद महराजगंज नगर के बिस्मिल नगर वार्ड नंबर-21 में जलभराव की समस्या बनी हुई है। सोमवार को बारिश नहीं हुई, इसके बावजूद वार्ड की सड़कों पर पानी जमा रहा। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होना आम समस्या बन गई है। बारिश रुकने के बाद भी पानी की निकासी नहीं हो पाने से स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उन्हें बार-बार इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है। वार्डवासियों ने नगर पालिका से जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर कराने के साथ सड़क के निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति ठीक होने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था होने से समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। इस संबंध में वार्ड के सभासद लालजी गुप्ता ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं है। बजट आने के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सभासद के इस बयान से साफ है कि सड़क निर्माण के लिए फिलहाल बजट का इंतजार है। वार्ड निवासी संदीप,बादल, मनीष गुप्ता, रवि शर्मा, संजीव श्रीवास्तव और रामसवारे ने नगर पालिका से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश थमने के बाद भी सड़क पर पानी जमा रहना वार्ड की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की जरूरत को सामने लाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *