बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर गड्ढे दे रहे हादसों को दावत

सोनभद्र।म्योरपुर स्थानीय कस्बे के बाजार से होकर गुजरने वाले बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बिखरी गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।मोनू जायसवाल,इरफान खान, सूरज केशरी, कुंदन तिवारी, रंजीत केशरी, मनोज, छोटू, प्रवीण और अजय ने बताया कि बीजपुर-मुर्धवा मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। बाजार क्षेत्र में सड़क की हालत खराब होने से दुकानदारों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से समय-समय पर गड्ढों में सोलिंग और मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी जाती है, लेकिन बारिश और वाहनों के आवागमन के बाद एक सप्ताह में ही स्थिति फिर खराब हो जाती है। उन्होंने बताया कि कमोबेश पूरे बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हैं, जो हादसों का कारण बन सकते हैं।इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शशि विश्वकर्मा ने बताया कि जल्द ही गड्ढों को भरवा दिया जाएगा। मौसम साफ होते ही क्षतिग्रस्त हिस्से को पक्का कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोग अपने घरों का पानी सड़क पर बहा रहे हैं, जिससे सड़क लगातार खराब हो रही है। उन्होंने लोगों से सड़क पर पानी बहाना तत्काल बंद करने की अपील की। ऐसा नहीं करने पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
