राजीव गांधी की जयंती पर सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया कार्यक्रम
दैनिक सत्ता मंत्र
विशेश्वरगंज। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विशेश्वरगंज के तत्वावधान में ग्राम पंचायत गुजरा में सद्भावना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर सामूहिक सलामी दी गई तथा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान 20 अगस्त से 26 अगस्त तक डॉ. एनएस हार्डीकर की पुण्यतिथि तक ‘सेवा संकल्प सप्ताह’ मनाने का ऐलान किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षक विनय सिंह ने कहा कि 20 अगस्त 1944 को मुंबई में जन्मे राजीव गांधी महज 40 वर्ष की आयु में देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने तकनीकी क्रांति, पंचायती राज, युवाओं को सशक्त बनाने, 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार तथा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की। ब्लॉक अध्यक्ष एम. शफीक ने कहा कि राजीव गांधी 1985 से 1991 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष, अमेठी से सांसद और देश के प्रधानमंत्री रहे। 21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर, तमिलनाडु में आतंकी हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दीप नारायण मौर्य ने किया। इस अवसर पर लालजी गिरी, रामवचन पासवान, कलीम खान, नसीम इदरीसी, संजय सिंह, उमेश तिवारी, विजय कुमार रावत, संतोष मिश्रा, प्रमोद तिवारी, दुर्गेश सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
