सरकारी भूमि से हो रहा अवैध मिट्टी खनन, प्रशासन बेखबर

दैनिक सत्ता मंत्र
पचपेड़वा, बलरामपुर। नगर पंचायत पचपेड़वा सीमा क्षेत्र के बरगदवा सैफ के पास सरकारी भूमि से कथित तौर पर धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार खनन के चलते सरकारी जमीन गहरे गड्ढे में तब्दील होकर तालाब जैसी हो गई है।लोगों का आरोप है कि जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बिना अनुमति बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है। कुछ लोगों ने पुलिस की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जारी खनन से सरकारी भूमि का स्वरूप बिगड़ने के साथ सरकार को राजस्व की भी हानि हो रही है।मामले में बलरामपुर खनन विभाग के अधिकारी ने कहा कि बिना अनुमति मिट्टी खनन पूरी तरह अवैध है। शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हल्का लेखपाल मायाशंकर ने भी बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अब देखना है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
