सीएचसी विशेश्वरगंज में एडी स्वास्थ्य का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी मिले नदारद

दैनिक बुद्ध का संदेश
विशेश्वरगंज/बहराइच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज में बुधवार सुबह करीब 9रू40 बजे देवीपाटन मंडल के अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. संतलाल पटेल ने औचक निरीक्षण किया। एडी स्वास्थ्य के अचानक पहुंचते ही अस्पताल परिसर में कर्मचारियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका एवं मौके पर मौजूदगी की जांच की। इस दौरान डॉ. नेहा समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। एडी स्वास्थ्य ने अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में अस्पताल प्रशासन से जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि कुछ कर्मचारियों ने ऑनलाइन अवकाश के लिए आवेदन किया है, जबकि कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी का समय सुबह 10 बजे से निर्धारित बताया गया। इसके बाद एडी स्वास्थ्य ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से ठीक-ठाक मिलीं।औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल कर्मियों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विभागीय अधिकारियों के निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर निगरानी का संदेश गया।
