₹25 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, स्मैक बरामदगी के मामले में चल रहा था फरार
दैनिक सत्ता मंत्र
बहराइच। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दरगाह शरीफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक बरामदगी के मामले में वांछित चल रहे ₹25,000 के इनामी फरार अभियुक्त विशाल मिश्रा को झिंगहाघाट बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को थाना दरगाह शरीफ पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों विशाल मिश्रा पुत्र बच्चूलाल मिश्रा, निवासी गिलौला बाजार, श्रावस्ती और रफीक पुत्र अतीउल्ला, निवासी तिलकपुर चौराहा, गिलौला बाजार, श्रावस्ती को पकड़ा गया था। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 9.44 ग्राम स्मैक बरामद होने की बात पुलिस ने बताई थी। इस मामले में थाना दरगाह शरीफ में मुकदमा संख्या 372/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व 317(2) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 373/2026 के तहत धारा 261/262 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान अभियुक्त रफीक को न्यायालय भेज दिया गया था, जबकि विशाल मिश्रा दोनों मामलों में वांछित होकर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने फरार अभियुक्त विशाल मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए ₹25,000 का इनाम घोषित किया था। साथ ही पुलिस टीम को उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 21 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दरगाह शरीफ पुलिस की टीम ने झिंगहाघाट बाईपास क्षेत्र में घेराबंदी कर विशाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार विशाल मिश्रा की उम्र करीब 25 वर्ष है। उसके खिलाफ बहराइच के थाना दरगाह शरीफ में दर्ज दो मुकदमों के अलावा श्रावस्ती के थाना गिलौला में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 के दो एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे, वर्ष 2024 में चोरी, चोरी का माल बरामद होने तथा अन्य धाराओं में मुकदमा और वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है। अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक जयराम यादव, थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार राय, हेड कांस्टेबल शशि कपूर राव, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल सत्यपाल गौतम और कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।
