कावड़ मेले में लगंेगा खोया पाया माध्यम शिविरः डा. वी.के. वर्मा ने किया उद्घाटन
दैनिक सत्ता मंत्र
बस्ती। समाचार पत्र वितरक जन कल्याण सेवा समिति की ओर से श्री भद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर में कांवड़ मेले के दौरान खोया-पाया शिविर का आयोजन किया गया है। जय प्रकाश गोस्वामी के संयोजन में आयोजित शिविर का रविवार को समाजसेवी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीके वर्मा ने उद्घाटन किया।इस अवसर पर डॉ. वीके वर्मा ने कहा कि 11 अगस्त को कांवड़ यात्रा के श्रद्धालु श्री भद्रेश्वरनाथ मंदिर सहित जिले के प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। भीड़ के कारण अक्सर कांवड़िये और उनके परिजन एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं। ऐसे में खोया-पाया शिविर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। शिविर के माध्यम से बिछड़े लोगों को उनके परिवार से मिलाने में काफी मदद मिलती है।भाजपा के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ शंकर मिश्र ने कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों में खोया-पाया शिविर की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि पिछले 34 वर्षों से जय प्रकाश गोस्वामी द्वारा लगातार शिविर का संचालन किया जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाना मानवता और सेवा का पुनीत कार्य है।शिविर के संयोजक जय प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिविर का संचालन पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठिनाइयां कितनी भी आएं, लोगों की मदद के लिए शिविर लगातार चलता रहेगा। किसी खोए हुए बच्चे या व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाने पर जो खुशी मिलती है, वही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी प्रेरणा है।शिविर के उद्घाटन अवसर पर सीए अजित चौधरी, डॉ. राजेश पटेल, शिव प्रसाद चौधरी, डॉ. लालचंद, मनोज कुमार, शिवशंकर, श्याम किशोर दूबे, वृजेश सिंह, उत्कर्ष दूबे, ध्रुव चौबे, जग प्रसाद, सतीश चौधरी, वीरेन्द्र निषाद, नवीन पाल, दुर्गेश मिश्र, दीनदयाल तिवारी, वृजेश मिश्र, जीडी मिश्र, भूपेन्द्र चौधरी, आलोक सिंह ‘अंशू’, महेन्द्र प्रताप चौधरी, श्रद्धेय पाल, मनमोहन श्रीवास्तव ‘काजू’, रविशंकर शुक्ल, प्रिंस शुक्ल, राजेश्वर तिवारी, मनोज यादव, बब्लू तिवारी, प्रभात सोनी, शिब्लू पाण्डेय, राम अधार पाल, विश्वनाथ जायसवाल, संतोष पाल, दिलीप पाण्डेय, गोविन्द पाण्डेय, अभय नारायण गोस्वामी, विजय प्रकाश गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
