बहराइच

केसीसी ऋण नहीं चुकाया तो दो किसानों की भूमि कुर्क, लगाई गई लाल झंडी

Spread the love


दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बढ़िया कला शाखा से लिए गए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की अदायगी नहीं करने पर शनिवार को दो बकायेदार किसानों के विरुद्ध राजस्व विभाग ने वसूली कार्रवाई की। आरसी जारी होने के बाद राजस्व टीम ने दोनों किसानों की संबंधित भूमि कुर्क कर मौके पर लाल झंडी लगा दी। बैंक के अनुसार लगड़ीहा, नौसर गुमतिहा निवासी जनन पुत्र कबूल पर केसीसी ऋण का 4,21,764 रुपये तथा ब्याज बकाया था। वहीं नौसर गुमतिहा थाना मोतीपुर निवासी सनेही पुत्र साहेबदीन पर 3,29,777 रुपये तथा ब्याज की देनदारी थी। बैंक की ओर से बकाया ऋण जमा करने के लिए दोनों किसानों से संपर्क किया गया, लेकिन निर्धारित धनराशि जमा नहीं की गई। बकाया भुगतान नहीं होने के बाद बैंक ने नियमानुसार दोनों बकायेदारों के विरुद्ध वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी किया। आरसी के अनुपालन में 19 सितंबर को नायब तहसीलदार मिहींपुरवा ऋषि मिश्रा के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम संबंधित गांव पहुंची और बकायेदारों की भूमि कुर्क करने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय भिनगा के अधिकारी कलामुद्दीन, शाखा प्रबंधक राजकुमार, अमीन और लेखपाल मौजूद रहे। राजस्व टीम ने संबंधित भूमि पर लाल झंडी लगाकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की। बैंक अधिकारियों के मुताबिक ऋण की वसूली के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *