गोंडाताजाब्रेकिगं

जनपद में राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
गोन्डा। जनपद की डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन एवं पूर्ण सम्मान के साथ मनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस का प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित समय पर, गरिमामय वातावरण में तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं समर्पण के साथ करें।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय, समस्त तहसीलों, विकास खंड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों, शासकीय कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में निर्धारित समय पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सभी स्थानों पर राष्ट्रगान, वंदेमातरम् तथा देशभक्ति गीतों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनसामान्य को भी कार्यक्रमों से जोड़ें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी आयोजनों में स्वच्छता, सुरक्षा, अनुशासन एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायी बने।बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनपद के जिन-जिन स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महापुरुषों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी सशक्त माध्यम बनेगा। बैठक में आयोजन की सभी व्यवस्थाओं, विभागवार जिम्मेदारियों तथा समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *